पटना, 16 फरवरी 2026 | कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/Government Tibbi College & Hospital में बैच 2020 के प्रशिक्षु चिकित्सकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन आज अस्पताल के केंद्रीय कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया। यह कार्यशाला 16 से 18 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य नवप्रवेशी चिकित्सकों को उनके पेशेवर दायित्वों, चिकित्सा नियमों, नैतिक मूल्यों तथा व्यावहारिक कौशल से अवगत कराना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. डॉ. शाहनवाज़ अख्तर के संरक्षण में संपन्न हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्रियाँ प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे चिकित्सक तैयार करना है जो तकनीकी रूप से दक्ष, नैतिक रूप से प्रतिबद्ध और मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण हों। उन्होंने प्रशिक्षु चिकित्सकों से मरीजों के प्रति सहानुभूति, अनुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उद्घाटन समारोह में डॉ. मोहम्मद तनवीर आलम, डॉ. मुजफ्फरुल इस्लाम, डॉ. मोहम्मद निजामुद्दीन, डॉ. मोहम्मद राज़ी अहमद, डॉ. मंसूर आलम, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. अब्दुस्सलाम, डॉ. सदरुज़्ज़मां और डॉ. काइनात ज़हरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पीजी स्कॉलर्स और इंटर्न्स की बड़ी संख्या ने भी भागीदारी की।
कार्यशाला के दौरान चिकित्सकीय आचार संहिता, अस्पताल प्रबंधन प्रणाली, आपातकालीन सेवाओं की प्रक्रिया, रोगी संवाद कौशल और टीम वर्क जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, इस पहल से प्रशिक्षु चिकित्सकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ संस्थागत कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ पहले दिन की कार्यवाही संपन्न हुई।



























