टी.पी.एस. कॉलेज, पटना में नवनियुक्त प्रधानाचार्य प्रो. तपन कुमार शांडिल्य के स्वागत समारोह का आयोजन शिक्षक संघ और शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान से हुई। स्वागत भाषण देते हुए शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. श्यामल किशोर ने प्रो. शांडिल्य के नेतृत्व की प्रशंसा की और कहा, “प्रो. शांडिल्य का अनुभव और उनकी दूरदर्शिता कॉलेज के लिए एक नया अध्याय शुरू करने वाली है। शिक्षक संघ उनके साथ मिलकर शैक्षणिक उत्कृष्टता और कॉलेज के समग्र विकास के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेगा। उनकी रणनीतिक सोच और सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता हमें एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएगी।”
इसके बाद, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने प्रो. शांडिल्य को फूलों का गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित किया। प्रो. शांडिल्य ने अपने संबोधन में कहा कि यह उनका दूसरा कार्यकाल है और वे कॉलेज की ताकत व कमजोरियों से परिचित हैं। उन्होंने अकादमिक उत्कृष्टता पर जोर देते हुए कहा, “हम सभी के सहयोग से कॉलेज की कमजोरियों को दूर कर इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।” उन्होंने विभागाध्यक्षों के साथ संवाद स्थापित कर शैक्षणिक और प्रशासनिक सुधारों की प्रतिबद्धता जताई।
रजिस्ट्रार प्रो. एन.के. झा ने प्रो. शांडिल्य के प्रशासनिक कौशल की सराहना की और अकादमिक व प्रोमोशन कैलेंडर को समयबद्ध लागू करने की बात कही। पूर्व प्रभारी प्रो. रूपम ने उनके अनुभव को वरदान बताया। शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. धर्मराज राम और सचिव डॉ. विनय भूषण कुमार ने उनके नेतृत्व में शैक्षणिक गुणवत्ता और कॉलेज की प्रगति की आशा जताई। शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री मनोज और अखिल भारतीय विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री वेंकटेश कुमार ने पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
प्रो. अबु बकर रिज़वी ने मीडिया को बताया कि प्रो. शांडिल्य का सकारात्मक दृष्टिकोण, बुनियादी ढांचे के उन्नयन और नवाचार को बढ़ावा देने का विजन कॉलेज के लिए लाभकारी होगा।
अंत में, डॉ. ज्योत्स्ना कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन में समारोह को कॉलेज समुदाय की एकता का प्रतीक बताया और प्रो. शांडिल्य के नेतृत्व में कॉलेज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर दोनों संघों ने पूर्व प्राचार्य प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह के पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति बनने पर हर्ष व्यक्त किया एवं इसे कॉलेज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर प्रो. विजय कुमार सिन्हा, प्रो. अंजली प्रसाद, प्रो. कृष्णनंदन प्रसाद, डॉ. शशि भूषण चौधरी, डॉ. हेमलता सिंह, डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. मुकुंद कुमार, डॉ. सुशोभन पलाधि, डॉ. शशि प्रभा दुबे, डॉ. सानंदा सिन्हा, डॉ. नूतन कुमारी, डॉ. देबारती घोष, डॉ दीपिका, डॉ.नुपुर,छात्र नेता अंकित तिवारी, शिवम कुमार आदि उपस्थित थे।





























