Kaushlendra Pandey/ जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा एवं मीडिया पैनलिस्ट श्री किशोर कुणाल ने मीडिया में बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार द्वारा घोषित ‘महिला रोजगार योजना’ महिलाओं के जीवन स्तर को ऊंचा करने एवं आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर बनाने का करेगा साथ ही ये योजना बिहार की अर्थव्यवस्था के लिए भी वरदान साबित होगी।
महिलाओं के कल्याण की दिशा में यह कदम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस संकल्प को और मजबूत करता है, जिसमें उन्होंने हमेशा महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। बालिका साइकिल योजना, पोशाक योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और स्वयं सहायता समूहों की मजबूती जैसी पहलें पहले ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो चुकी हैं। अब मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भरता की नई ऊँचाई पर पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए 20 हजार करोड़ रुपये के बजट के साथ स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत हर घर की एक महिला को 2 लाख 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना की शुरुआत इसी सितंबर माह से कर दी जाएगी, जिससे लाखों महिलाएँ सीधे तौर पर लाभान्वित होंगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण की यह ऐतिहासिक पहल न केवल उनके जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी बल्कि बिहार की अर्थव्यवस्था और सामाजिक संरचना को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।




























